हेल्थ एटीएम करेगा 50 से अधिक
जांचें, जिला अस्पताल में सेवा शुरू
- महिला अस्पताल समेत उझानी, बिल्सी और सहसवान सीएचसी पर भी शुरू होगी सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। लोगों को अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराने के लिए अब डॉक्टर और पैथोलॉजी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब स्वास्थ्य संबंधी 50 से अधिक जांचें एक ही स्थान पर हो सकेंगी। इसके लिए मंगलवार को जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू हो गई है। शहर विधायक महेश गुप्ता, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय और सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने मंगलवार को जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम का लोकार्पण किया।
जिला अस्पताल में हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम के तहत ऑनलाइन काम पहले ही शुरू हो चुका है। जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जा रही हैं। पहले चरण में जिले में पांच हेल्थ एटीएम लगाए जाने हैं। इनमें जिला अस्पताल के साथ जिला महिला अस्पताल, सहसवान, उझानी, बिल्सी सीएचसी भी शामिल हैं। पांच हेल्थ जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पांच हेल्थ एटीएम जिले को मिल गए हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू कर दी गई। जिला महिला अस्पताल में भी हेल्थ एटीएम लग गया है, लेकिन अभी यह शुरू नहीं हो सका है।
हेल्थ एटीएम शुरू होने के बाद मरीजों की अनावश्यक भागदौड़ करने और महंगी जांचों से छुटकारा मिलेगा। हेल्थ एटीएम से पूरे शरीर की स्क्रीनिंग कुछ ही मिनटों में हो जाएगी। हेल्थ एटीएम जांच रिपोर्ट भी देगा। इस रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर मरीज को दवा लिख सकेंगे।
ये मिलेंगी सुविधाएं
हेल्थ एटीएम से शरीर की स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, बॉडी मास इंडेक्स, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फेट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट आदि के अलावा ग्लूकोज, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, डेंगू, चिकनगुनिया, यूरिन टेस्ट, गर्भावस्था जांच, टायफाइड, एचआईवी, ईसीजी, टीएलसी, डीएलसी समेत 50 से अधिक जांचों की सुविधा मिलेगी।
जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, उझानी, बिल्सी और सहसवान सीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगाए जाने हैं। जिला अस्पताल में मंगलवार को हेल्थ एटीएम की सुविधा शुरू हो गई है। अन्य स्थानों पर भी जल्द सुविधा शुरू हो जाएगी। हेल्थ एटीएम के जरिया 50 से ज्यादा जांचें आसानी से हो सकेंगी।
- डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, सीएमओ