भमोरा। बुखार से दो दिन में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से ग्रामीणों में दहशत। गांव सिरोही निवासी जाबिर (35) मजदूरी करते थे। तीन दिन पूर्व बुखार आने पर पहले झोलाछाप को दिखाया। जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो शनिवार देर रात परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं गांव निवासी नीलम कश्यप पुत्री मेघराज कई दिन से बुखार से पीड़ित थी। दो दिन पूर्व तेज बुखार आने पर परिजन भमोरा सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दो दिन भर्ती रहने के बाद उसकी हालत में सुधार न होने पर शनिवार को परिजन घर ले आए। जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं दो दिन पूर्व गांव के दस वर्षीय सलमान पुत्र आशिफ की भी बुखार से मौत हो गई थी। दो दिन में लगातार तीन मौतें होने से गांव में दहशत फैल गई। दर्जनों लोग अब भी बुखार की चपेट में हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक गांव में बुखार से बचाव के लिए कोई कारगर उपाय नहीं किया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि गांव में कैंप लगवा चुके हैं। मृतकों की जांच रिपोर्ट आने तक कुछ नहीं कहा जा सकता। जांच रिपोर्ट मंगाई है।