मोदी का स्टाइलिश कुर्ता इतना फेमस हो गया है कि किसी भी दल के नेता हों कहते हैं ‘कुर्ता मोदी कट चाहिए’। चुनाव आते ही कुर्ता सिलवाने वालों की लाइन लगी हुई है। शहर के अयूब खां चौराहे पर इकबाल टेलर दुकान के इकबाल भाई । बताते हैं कि अब 10 और 11 फरवरी को मुख्यमंत्री की सभा है इसके लिए अभी भी 20 कुर्तों की फिनिशिंग बाकी है। सुबह से फोन पर फोन बज रहे हैं। जितने भी बड़े नेता मंडल के हैं वे सभी इकबाल भाई से कुर्ते सिलवाते हैं। इकबाल बताते हैं कि सपा के भगवत सरन गंगवार, भाजपा के डॉ. अरुण कुमार, राजेश अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह भी उनके सिले कुर्ते पसंद करते हैं। इकबाल कहते हैं कि पिछले सालों के मुकाबले आज भी काम कम नहीं हुआ है। कुर्ते की डिजाइन में समय के साथ खूब बदलाव हुए। आज चाइनीज कॉलर और हॉफ से अधिक बाजूओं के कुर्ते चलन में हैं। इनका लोग नाम नहीं जानते तो मोदी कट वाला ही कुर्ता कहते हैं। चाहे किसी भी पार्टी का प्रत्याशी या कार्यकर्ता हो वह यही अपनी पसंद बताता है।