बरेली। 33 केवी लाइन टूटने के चलते हरुनगला उपकेंद्र ठप होने के बाद शनिवार पूरी रात उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। किला, सुभाषनगर, प्रेमनगर, मढ़ीनाथ, शाहदाना और कुतुबखाना उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ता भी लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग से जूझते रहे। शहर में करीब 1.50 लाख लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
भुता होते हुए हरुनगला आ रही 33 केवी लाइन शनिवार रात 12 बजे टूटने के बाद नीचे गुजर रही भुता उपकेंद्र की 11 केवी की लाइन पर गिर गई। इससे दोनों लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। फॉल्ट के चलते हरुनगला के साथ-साथ भुता उपकेंद्र की आपूर्ति भी ठप हो गई। हरुनगला उपकेंद्र ब्रेकडाउन होने के बाद फॉल्ट की तलाश में ही दो घंटे लग गए। फॉल्ट मिलने के बाद रविवार तड़के पांच बजे लाइन जोड़कर आपूर्ति चालू की जा सकी।
इस दौरान हरुनगला, सुपरसिटी, गगन विहार, अमित विहार, ग्रीन पार्क, सुरेश शर्मा नगर, पवन विहार, फाइक एंक्लेव, खुशबू एंक्लेव, आशीष रायल पार्क, रामगंगा नगर आदि इलाकों में रात भर आपूर्ति ठप रही। रविवार तड़के आपूर्ति चालू किए जाने के बाद एक बार फिर से सुबह नौ बजे आपूर्ति ठप हो गई। उपकेंद्र के इन इलाकों के उपभोक्ताओं ने रविवार को भी दिन भर ट्रिपिंग का सामना किया। शाम को आपूर्ति सामान्य हो सकी।
सुभाषनगर उपकेंद्र में मरम्मत कार्यों के बीच सुबह नौ बजे से चार घंटे तक करगैना, सर्वोदय नगर, गंगा नगर, पटेल विहार, सुभाषनगर क्षेत्र में कटौती की गई। किला उपकेंद्र के बड़ा बाजार, साहूकारा, चिड़ीमार कुआं, छोटी बमनपुरी, फूटा दरवाजा आदि इलाकों में लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या रही। शाहदाना और कुतुबखाना उपकेंद्र से जुड़े पुराना शहर के इलाकों में भी उपभोक्ताओं ने ट्रिपिंग के कारण परेशानी उठाई।
बालजती में ट्रांसफार्मर फुंकने से आपूर्ति ठप हो गई। यहां ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति चालू दी गई। रविवार को प्रेमनगर, कृष्णा कॉलोनी, बृजलोक कॉलोनी में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। किला छावनी, स्वाले नगर, गढ़ी छावनी, सावरकर नगर इलाकों में भी रविवार को लोकल फॉल्ट हुए। जगतपुर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में लोग ट्रिपिंग से जूझते रहे। रविवार को उपकेंद्र में मरम्मत कार्यों के बीच दो घंटे तक कटौती भी की गई।
बारिश न होने से बढ़ी उमस, बिजली कटौती कर रही परेशान
पिछले दिनों लगातार बारिश के बाद काफी राहत मिली थी। बिजली की मांग भी घट गई थी। अब दो दिन से धूप पसीना छुड़ा रही है। बारिश न होने के कारण रात में भी उमस से लोग परेशान हो रहे हैं। इस बीच बार-बार ट्रिपिंग और छह-सात घंटे तक की बिजली कटौती लोगों को परेशान कर रही है।