बरेली। डिप्रेशन का मरीज बनकर एक व्यक्ति अपनी पत्नी को लगातार प्रताड़ित करता रहा। मायके से आर्थिक मदद मंगवाने के बावजूद मारपीट करता रहा और फिर घर से निकाल दिया। विवाहिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रेमनगर क्षेत्र के पटेल नगर निवासी सौमिल अग्रवाल की शादी करीब 19 साल पहले क्षेत्र के ही मोहित अग्रवाल से हुई थी। सौमिल के मुताबिक पति व अन्य ससुराली दहेज की मांग के चलते उसे प्रताड़ित करने लगे थे। शादी के कुछ वक्त बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने पर दुकान में लगाने को विवाहिता के मायके से रुपये मंगवाए तो मोहित उन्हें लेकर मुंबई भाग गया। बार-बार रुपये मांगने पर असमर्थता जताई तो विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि डिप्रेशन का मरीज बनकर मोहित लगातार उसे प्रताड़ित करता रहा। कई बार जान से मारने की भी कोशिश की। इसके चले विवाहिता ने अपनी और अपने बच्चों की जान पर खतरे की आशंका जताई है।