बरेली। आधे घंटे की बारिश में रविवार को शहर लबालब नजर आया। कुतुबखाना बाजार की दुकानों व शोरूम में पानी भर गया। पुराने शहर के कई मोहल्लों में सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे नगर निगम के नाला सफाई के दावों की पोल भी खुल गई है।
रविवार शाम साढ़े चार से पांच बजे तक तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया। सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, शांति विहार, मलूकपुर, बिहारीपुर, कुतुबखाना बाजार, हजियापुर, दुर्गानगर, जखीरा, घेर शेख मिट्ठू, आजमनगर, बानखाना, शाहबाद, सूफी टोला, सैलानी और घेर जाफर खां की गलियों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन इलाकों में कई जगह नालों की सफाई नहीं होने से सड़कों पर कीचड़ फैल गया है और फिसलन हो गई है। नालों की सफाई के लिए निगम ने दो करोड़ रुपये के टेंडर किए थे। इसके बाद भी शहर की यह हालत दावों की पोल खोल रही है।
निचले इलाकों में कमर तक भरा पानीकुतुबखाना बाजार में जलभराव का आलम यह रहा कि ज्वैलरी शोरूम के मालिक बाल्टियों से पानी बाहर निकालते दिखे। सौदागारान स्थित दरगाह आला हजरत वाली गली में कमर तक पानी भरने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश रुकने के एक घंटे बाद पानी निकल गया। पुराने शहर के कई इलाकों में मेन सड़कों को गलियों और मोहल्लों की सड़कों से ऊंचा कर नालियों को नीचे कर दिया गया है। इससे यह परेशानी हुई है। सुभाषनगर, हजियापुर, सेटेलाइट, मलूकपुर में नालों की सफाई ना होने से जलभराव हुआ है। संवाद