बरेली। ग्रेटर बरेली कॉलोनी बसाने की तैयारी में जुटे बीडीए ने सोमवार को अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित किसानों की जमीनों के स्वामित्व का सत्यापन शुरू करा दिया है। तहसीलदार सदर के नेतृत्व में टीम सात गांवों में सर्वे करेगी। करीब एक सप्ताह में सर्वे पूरा होने की उम्मीद है जिसके बाद जमीनों के बैनामे की प्रक्रिया शुरू होगी।
बीडीए रामगंगानगर आवासीय योजना के पास 225 हेक्टेयर में ग्रेटर बरेली कॉलोनी बसा रहा है। इसके लिए रामनगर उर्फ मोहनपुर, अहिरोला, वालीपुर अहमदपुर, नवदिया झादा, कचौली समेत सात गांवों में किसानों की जमीनें अधिग्रहीत की जाएंगी। बीडीए के मुताबिक अब तक 80 फीसदी किसान 150 हेक्टेयर जमीन बीडीए को देने के लिए सहमति पत्र दे चुके हैं।
अब बीडीए सर्वे करा रहा है कि जिन किसानों ने सहमति पत्र दिए हैं, उनका जमीन पर स्वामित्व है या नहीं। इस सर्वे के साथ परिसंपत्तियों का भी सर्वे किया जा रहा है, जिसका अलग मूल्य किसानों को दिया जाएगा। बीडीए इस योजना को दिवाली से पहले लांच करना चाहता है। इस कॉलोनी में अपने कार्यालय बनाने के लिए आने वाली कंपनियों से भी संपर्क साधा जा रहा है।
ग्रेटर बरेली के लिए जमीन के स्वामित्व का सर्वे शुरू करा दिया गया है। यह काम जल्द पूरा हो जाएगा। अब तक 150 हेक्टेयर जमीन के लिए किसानों ने सहमति पत्र भर दिए हैं। बाकी प्रक्रिया चल रही है। - योगेंद्र कुमार, सचिव बीडीए