बरेली। जालसाजों ने जमीन बेचने का सौदा कर 65 लाख रुपये हड़प लिए। मॉडल टाउन निवासी शम्मी कपूर कारोबार के लिए जमीन देख रहे थे। इस दौरान रामपुर के मिलक निवासी अखिलेश पांडेय से उनकी मुलाकात हुई। अखिलेश ने रामपुर धनेली में अपनी बताकर जमीन दिखाई। जमीन को ज्योति फूड्स इंडस्ट्रीज के बराबर में बताकर अखिलेश ने बेचने की बात कही।
जमीन पसंद आने पर शम्मी ने 20 लाख रुपये नगद और 65 लाख रुपये के चेक अखिलेश को दे दिए। अखिलेश ने जमीन के सौदे के कागज भी अपने पास रख लिए। जमीन की नापजोख की तो पता चला कि जमीन फैक्टरी के बराबर में न होकर उसके पीछे है। जमीन बैंक से बंधक भी हो गई थी। आरोप है कि अखिलेश, उसके पिता और पत्नी ने धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली। तगादा करने पर धमकी देने लगे। पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।