- सप्ताहभर में डेढ़ हजार रुपये चढ़ा सोना, चांदी की कीमतों में तीन हजार रुपये की बढ़त
बरेली। आमतौर पर ऑफ सीजन में सोने-चांदी की कीमतें गिरती हैं, पर इस बार अलग स्थिति बन रही। इनकी कीमतों में बढ़ोतरी से कारोबार भी हैरान हैं। उनके मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतें अस्थिर हैं। फिलहाल, सोने-चांदी की कीमतें अभी और बढ़ेंगी।
पितृपक्ष में सोना-चांदी की खरीदारी कम होने से सराफा कारोबारी इसे ऑफ सीजन मानते हैं। बरेली सराफा एसोसिएशन की ओर से जारी होने वाली रोजाना की कीमतों पर गौर करें तो इन दिनों सोने-चांदी की कीमत में बढ़त दर्ज हो रही है। कारोबारियों का कहना है कि पितृ पक्ष के दौरान या अगले माह से त्योहारी सीजन व सहालग की वजह से भाव और बढ़ सकते हैं। 10 सितंबर को सोना 73,600 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 83,800 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। सप्ताह भर बाद सोना 74,500 रुपये और चांदी 86,800 रुपये पर पहुंच गई।
आम बजट पेश होने के बाद घटे थे दाम
बरेली सराफा एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश अग्रवाल के मुताबिक दो माह पूर्व बजट में कस्टम ड्यूटी हटाए जाने से सोने की कीमत में गिरावट आई थी। बजट से पहले 10 ग्राम (24 कैरेट) सोने का भाव 73,800 रुपये था, जो घटकर 70,700 रुपये हुआ था। चांदी 90,000 से घटकर 83,600 रुपये हो गई थी, पर सप्ताह भर बाद ही इनकी कीमतों में बढ़ोतरी होने लगी। दो माह में कीमतें पहले से ज्यादा हो गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय हो रही सोने की कीमत
सराफा कारोबारी उदित गोयल के मुताबिक सोने-चांदी की कीमतें अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती हैं। अमेरिका कमजोर हो रही इकोनॉमी को सोने की कीमत से नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है। अब बैंक भी सोना खरीद रहे हैं, जिससे इनके दाम बढ़े हैं। वहीं, कुछ देशों के बीच युद्ध जैसे हालात को भी कीमतें बढ़ने की वजह माना जा रहा है। अमर उजाला ब्यूरो
तारीख- सोने के दाम - चांदी के दाम
10 सितंबर- 73,600- 83,800
11 सितंबर- 74,000- 84,000
12 सितंबर- 74,000- 84,000
13 सितंबर- 74,800- 87,400
14 सितंबर- 74,800- 87,400
15 सितंबर- 74,600- 87,300
16 सितंबर- 74,700- 88,000
17 सितंबर- 74,500-87,300
18 सितंबर- 74,500-86,800
19 सितंबर- 74,500-86,800
(सोने के भाव प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत प्रति किलो में)