15 से 50 हजार रुपये तक की सोने की राखियां बिकीं, स्टॉक हुआ खत्म
बरेली। रक्षाबंधन के लिए रविवार को देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का दौर जारी रहा। सोने-चांदी की राखियों की मांग जबरदस्त रही। वहीं, मिठाई समेत गिफ्ट की दुकानों पर भी कतार लगी रही।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक बीते वर्षों में भी सोने-चांदी की राखियां बिकती थीं पर गिने-चुने लोग ही खरीदते थे। अब इनकी मांग बाजार में बढ़ गई है। पारंपरिक कच्चे धागों के साथ सोने चांदी की राखियां खूब बिक रही हैं। डीडीपुरम स्थित ज्वेलरी शॉप के संचालक उदित गोयल के मुताबिक रक्षाबंधन पर्व के लिए हल्के वजन की सोने की राखियों का स्टॉक मंगाया था। कीमत 15 से 50 हजार रुपये थी। सोने की कीमतें बढ़ने से बिक्री की ज्यादा उम्मीद नहीं थी। मगर, रविवार को ही पूरा स्टॉक खत्म हो गया।
चांदी की राखियाें का स्टॉक भरपूर था, जिसके सापेक्ष करीब 80 फीसदी राखियों की बिक्री हुई। इनकी कीमत पांच सौ से लेकर पांच हजार रुपये तक थी। सबसे ज्यादा ब्रेसलेट की तर्ज पर डिजाइन की गई राखी की बिक्री हुई। बाजार में कुछ सराफा व्यापारियों ने ही सोने की राखी मंगाई थी।
मिठाई की दुकानों पर देर रात तक कतार
राखी बांधने के बाद मुंह मीठा कराने के लिए मिठाई की दुकानों पर रविवार को देर शाम तक खरीदारों की कतार लगी रही। कारोबारी दीपक गुप्ता के मुताबिक त्योहार कोई हो बगैर मिठाई अधूरा है। इस बार देसी घी से तैयार विभिन्न मिठाइयों के साथ ड्राई फ्रूट्स और शुगर फ्री मिठाइयों की मांग ज्यादा रही।
पूजन थाली और गिफ्ट पैक की भी मांग
अबकी बार बाजार में भाइयों के पूजन के लिए थाली भी उपलब्ध रही। इस थाली में रोली, अक्षत, चंदन, मिश्री के पाउच और राखी भी रखी है। करीब 50 रुपये की इस थाली की मांग खूब रही। गिफ्ट शॉप संचालक विकास नागपाल के मुताबिक खाटू श्याम, श्री राम और अन्य देवी-देवता की छवि, नाम वाली राखियां खूब बिकीं।
बहनों को गिफ्ट देने के लिए भाई तैयार
विकास के मुताबिक भद्रा समाप्त होने के बाद ही बहनें राखी बांधेंगी। इसके बाद भाई भी बहनों को आकर्षक गिफ्ट भेंट करेंगे। ऐसे में गिफ्ट खरीदने के लिए भी रविवार को शॉप पर खूब खरीदारी हुई। इसमें टेडी बियर से लेकर इलेक्ट्रिक गेम्स के उपकरण भी भाइयों ने बहनों के लिए खरीदे हैं। चॉकलेट पैक भी खूब बिके। अमर उजाला ब्यूरो