Girlfriend's brother shot young
- फोटो : Girlfriend's brother shot young
हाईवे स्थित राधाकृष्ण मंदिर चौराहे पर टेंपो से उतरकर सवारी का इंतजार कर रहे मीरगंज के हल्दीखुर्द गांव के युवक को रंजिशन गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल की तहरीर पर उसकी कथित प्रेमिका के भाई समेत दो लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले के आरोप की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मीरगंज के गांव हल्दीखुर्द निवासी सलीम पुत्र मजलिम के मुताबिक, उसका थाना बिथरी चैनपुर के गांव मनकोरिया निवासी एक व्यक्ति की बहन से छह साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। तीन दिन पहले माता-पिता निकाह कराने के लिए मनकोरिया में युवती के परिजनों से मिले थे, लेकिन उसके परिवारवालों ने रिश्ते से साफ इंकार कर दिया था। दूसरी जगह युवती का रिश्ता तय करने की बात भी कही थी। मजबूर होकर माता-पिता वापस लौट आए थे। सलीम का आरोप है कि रविवार रात करीब 9.30 बजे वह बरेली-फतेहगंज पश्चिमी रूट के ऑटो से हाईवे स्थित राधाकृष्ण मंदिर चौराहे पर उतरकर मीरगंज जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था तभी युवती का भाई एक अन्य साथी के साथ बाइक से यहां आ धमका और तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके कंधे में जा घुसी। हमले को अंजाम देकर दोनों बाइक से फर्राटा भरते हुए भाग गए। सलीम के फोन पर यूपी डायल 100 वैन मौके पर पहुंची और घायल को प्राइवेट वाहन से सिद्धि विनायक हास्पिटल में भर्ती कराया गया। सलीम की तहरीर पर युवती के भाई और उसके साथी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।