फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए अंतिम वर्ष की छात्रा पांच माह की गर्भवती हो गई तो घबराए प्रेमी ने फरीदपुर के डीके अस्पताल में झोलाछाप से गर्भपात करा दिया। इस दौरान झोलाछाप और उसके सहायकों ने छात्रा का गर्भाशय ही निकाल दिया।
इससे छात्रा की हालत बिगड़ गई तो प्रेमी, झोलाछाप व उसके दोस्त वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने डीके अस्पताल के संचालक मोहल्ला मिर्धान निवासी इरफान, मोहल्ला फर्रखपुर निवासी निजाकत, भगवंतापुर गांव निवासी सोनू व मोहल्ला बक्सरिया निवासी एक महिला दाई समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
21 जून को विद्यालय में योग शिविर में जाने की बात कहकर छात्रा घर से निकली थी। उसी रात पौने नौ बजे फरीदपुर के डीके अस्पताल से किसी ने कॉल करके बेटी से पिता की बात कराई। छात्रा के पिता उसकी मां के साथ अस्पताल में पहुंचे और बेटी को गांव ले गए।
हालत गंभीर होने पर 22 जून को उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ है। मंगलवार रात छात्रा के पिता ने फतेहगंज पूर्वी थाने में गांव निवासी युवक के खिलाफ बेटी से दुष्कर्म करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद