बरेली। छात्रा को नशीला पदार्थ देने के बाद उसे आर्यसमाज संस्था ले जाकर युवक ने शादी कर ली। इसका पंजीकरण भी करा लिया। आरोपी ने युवती व उसके मंगेतर को कॉल करके धमकी भी दी। युवती की मां ने युवक और आर्यसमाज संस्था के स्थानीय प्रबंधक समेत चार लोगों पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरूनगला इलाका निवासी महिला ने बताया कि उनकी बेटी बरेली कॉलेज में बीकॉम की छात्रा है। उसकी मुलाकात तय्यतपुर निवासी प्रदीप कुमार से हो गई थी। प्रदीप ने बेटी को जूस में नशीला पदार्थ पिला दिया। प्रदीप, उसके साथी रोहित और अजय गंगवार ने मिलकर आर्यसमाज संस्था के प्रबंधक से सांठगांठ कर ली। इन लोगों ने नशे की हालत में उनकी बेटी से विवाह प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए। इसी प्रमाणपत्र के जरिये शादी का रजिस्ट्रेशन भी करा लिया।
इस बीच युवती अपने घर पर आती-जाती रही। परिजनों को कुछ पता ही नहीं चला। मां ने छात्रा की शादी दूसरी जगह तय की तो प्रदीप ने छात्रा के फोन पर विवाह प्रमाण पत्र भेज दिया। उसके मोहल्ले में भी कई लोगों को दिखाया। प्रदीप की हरकत का विरोध किया तो उसने छात्रा के अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी। प्रदीप ने छात्रा के मंगेतर को कॉल कर उसे जान से मारने की धमकी दी। छात्रा की मां ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें प्रदीप व उसके दोस्तों के साथ ही आर्य समाज के प्रबंधक को आरोपी बनाया गया है।