बरेली। डीएम रविंद्र कुमार ने नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि नगर क्षेत्र के मुख्य प्रवेश द्वारों पर जहां गंदगी और मरे हुए पशुओं के अवशेष फेंके जा रहे हैं, वहां साफ सफाई कराई जाए। साथ ही वहां पौधरोपण कराया जाए और सीसीटीवी कैमरे व नोटिस बोर्ड भी लगाए जाएं।
विकास भवन के सभागार में सोमवार को जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति और जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम ने नगर निकायों को प्लाॅस्टिक जब्तीकरण और जुर्माने की कार्रवाई बढ़ाने के लिए भी कहा। सीएमओ और प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को निर्देश दिए कि बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण करने वाली एजेंसी के एग्रीमेंट प्राइवेट अस्पतालों के साथ हैं या नहीं, इसका परीक्षण करके अगली बैठक में बताएं। उन्होंने परसाखेड़ा और सीबीगंज नालों के पानी का सैंपल लेकर परीक्षण कराने और नालों की सफाई करने को भी कहा। जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में कुल चिह्नित नालों से कितना डिस्चार्ज होता है और अगले 10 वर्षों में कितना डिस्चार्ज हो सकता है, इसकी रिपोर्ट पेश करें। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता से कहा कि वह राजस्व विभाग से समन्वय बनाकर रामगंगा नदी के किनारे संपर्क मार्ग के आस-पास 10-20 एकड़ का एक पैच चिह्नित करके मनरेगा से गड्ढा खोदवाएं। दो अक्तूबर को रामगंगा चौबारी घाट पर वन विभाग द्वारा गंगा स्वच्छता सफाई, श्रमदान, संगोष्ठी, प्रदर्शनी, गंगा आरती और प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।