बरेली। नोएडा में शनिवार को कोरोना संक्रमित मिले नवाबगंज के अधिवक्ता के सैंपल की अब जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाएगी। साथ ही, परिजन के सैंपल की भी आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। रविवार को आईडीएसपी ने इस संंबंध में नोएडा के निजी अस्पताल को मेल भेजा है।
एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक, शासनादेश के तहत आरटीपीसीआर जांच में कोरोना संक्रमित मिले प्रत्येक व्यक्ति की जीनोम सीक्वेंसिंग के निर्देश हैं। वर्तमान में संक्रमित अधिवक्ता नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती है। लिहाजा, संंबंधित जिले के स्वास्थ्य विभाग के जरिये या निजी अस्पताल प्रशासन को ही जांच करानी होगी। इसके लिए अस्पताल को मेल भेज दी गई है।
दूसरी ओर, संक्रमित के संपर्क में रहे परिजनों की भी जांच कराई जाएगी। नवाबगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजमेर सिंह के मुताबिक, संक्रमित के घर पर अभी दो लोग मौजूद हैं, जिन्हें रविवार को सैंपलिंग के लिए बुलाया गया था, पर वे नहीं आए। सोमवार को फिर से कॉल कर उन्हें केंद्र पर बुलाकर जांच कराई जाएगी।