फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तमंचा पेट्रोलपंप के कमरे में छिपाकर अज्ञात पर लिखा दी हत्या की रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। पेट्रोलपंप मैनेजर सुनील की गोली लगने से मौत के मामले में गेंदनलाल ने पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की। चूंकि अतुल शर्मा मैनेजर सुनील के साथ थे, इस वजह से वह नहीं देख सके कि गोली किसने चलाई। इसी का फायदा उठाकर गेंदन ने बदमाशों के गोली मारने की बात कह दी। बाद में अतुल की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। मगर सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना का खुलासा हो गया।
विज्ञापन

अतुल की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया कि गोली डीजल चोरी करने आए बदमाशों ने चलाई। पुलिस की पूछताछ में गेंदन ने बताया कि बदमाशों ने सामने से गोली चलाई थी, जो मैनेजर को लगी। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद जब सुनील का शव पेट्रोलपंप पर फतेहगंज पश्चिमी पहुंचा तो उसने अन्य लोगों के साथ पेट्रोलपंप पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की। सीओ राजकुमार मिश्र ने उन लोगों को समझाकर शांत किया।
इसी बीच पुलिस ने पेट्रोलपंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली तो उसमें सारी सच्चाई सामने आ गई। इसमें सामने आया कि मैनेजर सुनील ने तमंचा लाकर गेंदनलाल को दिया। गोली लगने के बाद सुनील जब गिर पड़े तो अतुल उन्हें उठाने लगे लेकिन गेंदनलाल तमंचा लेकर पेट्रोलपंप के कमरे में भाग गया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह सामने आया कि गोली मैनेजर की पीठ में लगी है, जबकि गेंदन लाल ने सामने से गोली लगने की बात कही थी।
विज्ञापन

सख्ती की तो उगल दी सच्चाई
सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने गेंदनलाल को हिरासत में लेकर सख्ती दिखाई तो वह टूट गया और सारी सच्चाई उगल दी। उसने कहा कि मैनेजर को गोली लगने के बाद वह डर गया था। इस वजह से बदमाशों के गोली मारने की कहानी सुना दी, जबकि बदमाशों की ओर से कोई गोली नहीं चलाई गई।
सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की कार
घटना के बाद पुलिस ने डीजल चोरों की तलाश में हाईवे से सटे इलाकों में जांच शुरू करा दी। हाईवे किनारे लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई तो फतेहगंज पश्चिमी पर टोल प्लाजा के सीसीटीवी में बदमाशों की कार की फुटेज मिल गई। यह महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार थी। इसके बाद पुलिस ने आगे के कैमरे खंगाले तो भोजीपुरा के टोल प्लाजा के कैमरे में भी उसकी फुटेज मिली। कार का नंबर मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू करा दी है।
अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
घटना के बाद एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, एसडीएम वेदप्रकाश मिश्रा और सीओ राजकुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि घटनास्थल से कुल्छा चौकी बमुश्किल दो सौ मीटर की दूरी पर है। मगर हाईवे पर पेट्रोलिंग को लेकर पुलिस गंभीर नहीं है।
बेटे के आने का कर रहीं थीं इंतजार, आई मौत की खबर
मिलक थाना क्षेत्र निवासी पेट्रोल पंप मैनेजर सुनील कुमार अपनी मां से मंगलवार को यह कहकर बरेली गए थे कि बृहस्पतिवार को वह घर आएंगे। बृहस्पतिवार को बेटे के घर आने का बेसब्री से इंतजार कर रही मां को बेटे की मौत की खबर मिली। इससे वह बदहवास हो गईं और रो-रोकर बस आने की बात ही कहती रहीं।
परिवार वालों ने बताया कि सुनील बच्चों की पढ़ाई के कारण बरेली जाकर रहने लगे थे। हालांकि उनकी पत्नी बीना मिलक थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में अध्यापिका हैं। बीना प्रतिदिन बरेली से विद्यालय आती हैं। परिजन ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे सुनील अपने गांव नवदिया मिलक आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां कैलाशो के साथ बैठकर खाना खाया था।
घर पर करीब एक घंटे रुकने के बाद सुनील मां से बृहस्पतिवार को आने की बात कहकर बरेली चले गए। कैलाशो अपने बेटे का बृहस्पतिवार को आने का इंतजार कर रही थी। लेकिन बृहस्पतिवार को बेटे की बजाय उसकी मौत की सूचना आई। जिस पर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। कैलाशो बस एक ही बात कह रही है कि बृहस्पतिवार को बेटा मिलने आता लेकिन अब कभी नहीं आएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें