मीरगंज/दुनका/नवाबगंज/बहेड़ी। भैया दूज पर बुधवार को मीरगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख चौराहों पर रुक-रुककर जाम लगा। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक वाहन रेंगते रहे। सिंधौली चौराहा, सिरौली चौराहा, हुरहुरी चौराहा और नगरिया नल पर वाहन फंसे रहे, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। दुनका-धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर पर यही हालात रहे। बाजार में भीड़ और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात बार-बार प्रभावित हुआ। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने भी सड़क पर ही सवारियां उतारीं और बैठालीं। वहीं यशपाल सिंह, रामेंद्र चौहान, रूमपाल सिंह, राजेंद्र कुमार आदि ने आरोप लगाया कि दुकानदार डिब्बे सहित मिठाई तौलकर निर्धारित मात्रा का पूरा दाम वसूल रहे थे। मार्गों पर मुस्तैद टीम ने चालकों के चालान किए। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए थे। बेतरतीब वाहन खड़ा करने वाले लोगों को चेताया गया है। शाम तक बाजार की निगरानी की गई। घटतौली के कारण कहीं हाथापाई या नोकझोंक की जानकारी नहीं है। नवाबगंज के बाइपास व बिजौरिया चौराहा पर रुक-रुककर जाम लगा। अलीगंज में सुबह से ही वाहन रेंगते रहे। बहेड़ी के नैनीताल रोड पर भी भीड़भाड़ रही।