भोजीपुरा। कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली निधि मेहरा ने धोखाधड़ी का आरोप लगाकर कालीबाड़ी के रहने वाले सराफ देवेंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी और दो बेटों के खिलाफ भोजीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
निधि मेहरा ने बताया कि आरोपी उनके रिश्तेदार हैं। कुछ समय पहले आरोपी ने जमीन और सोने-चांदी में निवेश का झांसा देकर उससे सात लाख नकद और करीब 18 तोला सोने के आभूषण ले लिए। कुछ समय बाद जब उसने नकदी और आभूषण वापस मांगे तो उन्होंने बदले में दो करोड़ की कीमत वाली जमीन का बैनामा कराने की बात कही।
मांगने पर उन्होंने कागजात भी दे दिए। खसरा खतौनी की जांच कराई तो जमीन किसी और के नाम दर्ज मिली। इस पर निधि ने रुपये और जेवरात वापस मांगे। आरोप है कि इस पर उनके साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी देवेंद्र अग्रवाल, उसकी पत्नी दीपिका अग्रवाल के साथ बेटे उत्कर्ष व कविश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।