बरेली। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े जीशान अंसारी की पत्नी और मां समेत आठ लोगों के खिलाफ किला थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बारादरी के रोहली टोला निवासी शहनाज परवीन ने बताया कि उनका पैतृक मकान किला के पंजाबपुरा में है। मकान में भाई हसनैन अली, कमर अली, असलम परवेज, ताहिर अली, गौहर ताज व बहन आसमां हिस्सेदार हैं। भाई हसनैन अली, कमर अली और ताहिर अली की मौत हो चुकी है। बहन आसमां ने अपना हिस्सा बेच दिया। कमर अली ने अपना हिस्सा शहनाज परवीन को दान किया था। मकान में शहनाज, उनके भाई गौहर और असलम परवेज रह रहे थे। असलम परवेज का अपनी पत्नी नादिया से तलाक हो चुका है। नादिया ने कमर अली के बच्चों फरमान, सलमान, सलमा, निगार और नेहा से सांठगांठ कर ली।
आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर खुद को मकान के 44 वर्ग गज के हिस्से का मालिक दर्शाया और उस हिस्से को रफियाबाद निवासी बेबी शबनम और नरगिस को बेच दिया। जबकि, विक्रेताओं का उसमें कोई हिस्सा नहीं था। मकान पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। शहनाज की तहरीर पर जीशान अंसारी की पत्नी नरगिस और मां बेबी शबनम समेत आठ के खिलाफ किला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो
वर्जनजीशान अंसारी दो साल पहले संगठन से जुड़े थे। उन्हें मंडल अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, पर विधानसभा चुनाव में उनके क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन न होने की स्थिति में पद नहीं दिया गया। जीशान मंडल अध्यक्ष नहीं हैं और न ही पार्टी से जुड़े हैं। उनके या उनके परिवार के किसी कृत्य के लिए संगठन जिम्मेदार नहीं है। - अनीस अंसारी, महानगर अध्यक्ष, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा