नवाबगंज। कस्बे के नोटरी अधिवक्ता और श्री कृष्ण इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रदीप कुमार सूरी पर धोखाधड़ी कर कई लोगों की जमीन बैनामा करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में नीरज मिश्रा ने नोटरी अधिवक्ता समेत छह लोगों के खिलाफ जनपद पीलीभीत के थाना न्यूरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीलीभीत के मोहल्ला कुंवरगढ़ निवासी नीरज मिश्रा ने थाना न्यूरिया में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनके पिता और राजेश कुमार, सुरेश कुमार के नाम ब्लॉक अमरिया के गांव भिंडारा में कुछ भूमि है, जिसकी देखरेख के लिए उनके पिता, राजेश कुमार व सुरेश कुमार ने 30 अगस्त 2001 को कस्बे के नोटरी अधिवक्ता प्रदीप सूरी और मुंशी लाल को रजिस्टर्ड मुख्तियारनामा करा दिया था। वह जमीन की देखरेख के साथ ही बिक्री आदि करेंगे। आरोप है कि जमीन की देखरेख सही से न किए जाने के चलते वीरेश कुमार ने अपना मुख्तियारनामा 15 मार्च 2013 को निरस्त करा दिया। इसी बीच छह जनवरी 2018 को वीरेश कुमार का इंतकाल हो गया था। इसके बाद वीरेश कुमार के स्थान पर उनके पुत्रों नीरज मिश्रा, कमलेश मिश्रा, उनकी पत्नी मन्नी देवी के नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज हो गए।
आरोप है इसकी जानकारी होने के बाद प्रदीप कुमार सूरी ने ग्राम भिंडारा के गोपाल, देवी दास पुत्र ढाकन लाल, सीमा, उर्मिला देवी, शांति देवी, चमेली देवी और लवली के नाम अलग-अलग तारीखों पर जमीन के बैनामे कर दिए। इसकी जानकारी लगने पर नीरज मिश्रा ने इसकी शिकायत की। न्यूरिया के सीओ के आदेश पर प्रदीप सूरी सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद