बरेली। जरी कारोबारी से पांच लाख रुपये का लोन दिलवाने के लिए शातिर ने अस्सी हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
चक महमूद निवासी नदीम ने बताया कि इंद्रा नगर निवासी निरंकार स्वरूप श्रीवास्तव से उनका परिचय था। निरंकार ने दो साह पहले उन्हें जरी के कारोबार पर पांच लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कही थी। निरंकार ने बताया था कि लोन लेने के लिए बैंक मैनेजर को एक लाख रुपये रिश्वत देनी पडे़गी। नदीम को कारोबार के लिए पैसों की जरूरत थी तो उन्होंने अस्सी हजार रुपये का इंतजाम कर निरंकार को दे दिए। नदीम से निरंकार ने कहा की एक महीने के अंदर लोन मिल जाएगा। एक माह बीतने के बाद जब नदीम ने निरंकार स्वरूप से लोन के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगा। तो उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। इस पर निरंकार ने नदीम को एक चेक दिया। नदीम ने चेक भुगतान के लिए लगाया तो वह बाउंस हो गया। नदीम ने रुपये वापस करने के लिए जब निरंकार स्वरूप पर अधिक दबाव बनाया तो उसने रुपये लौटाने से मना कर दिया। नदीम ने बारादरी थाने में निरंकार स्वरूप श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।