बरेली। ऑनलाइन पुरानी स्कूटी खरीदने के दौरान सैन्यकर्मी से ठगी हो गई। थाना कैंट में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कैंट क्षेत्र में तैनात सैन्यकर्मी ओमप्रकाश ने बताया कि उसने एक वेबसाइट से ऑनलाइन पुरानी स्कूटी का सौदा साढ़े 22 हजार रुपये में किया था। जिस कॉलर से सौदा हुआ, उसने तीन हजार रुपये की सिक्योरिटी मनी मांगी तो उन्होंने पेमेंट कर दिया। इसके बाद 18 हजार रुपयाें का भुगतान करने को कहा गया तो उन्होंने वह भी कर दिया। फिर आरोपी ने कहा कि स्कूटी बरेली भेज दी गई है, आपको दस मिनट में मिल जाएगी। इसके बाद कहा कि आपका पेमेंट स्वीकार नहीं हुआ है, आप पेटीएम से पेमेंट करें। गाड़ी मिलने पर पहले वाला पेमेंट वापस कर दिया जाएगा। उसने झांसे में आकर दोबारा पेमेंट कर दिया। उसके बाद भी उसे गाड़ी नहीं मिली तो उसने कॉलर से संपर्क साधा लेकिन बात नहीं हो सकी। उसने संबंधित वेबसाइट पर दिए गए नंबरों पर संपर्क किया लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। ब्यूरो