बरेली। इंटर कॉलेज के प्रवक्ता ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ तलाकशुदा पत्नी, ससुर पर फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि जालसाजी करके इन लोगों ने उनके लखीमपुर खीरी स्थित केनरा बैंक के अकाउंट का स्टेटमेंट बरेली प्रेमनगर केनरा बैंक की शाखा से निकलवा लिए। लखीमपुर खीरी के गोला रोड स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता कुंतीश अग्रवाल का पत्नी रुचि अग्रवाल से वाद चल रहा है। दोनों में तलाक भी हो चुका है। कुंतीश अग्रवाल एक जुलाई 2019 को तारीख पर बरेली आए। रुचि अग्रवाल की ओर से कुछ कागजात पेश किए गए। इनमें उनके केनरा बैंक लखीमपुर खीरी के अकाउंट का स्टेटमेंट भी था। इसके बाद उन्होंने बैंक शाखा पहुंच कर स्टेटमेंट निकलवाना चाहा। वहां से स्टेटमेंट नहीं मिल सका। बाद में पता लगा कि रुचि अग्रवाल, ससुर रमेश चंद्र ने केनरा बैंक प्रेमनगर शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जालसाजी कर उनका स्टेटमेंट निकलवाया है। इसमें उनके फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया। लखीमपुर और बरेली में रिपोर्ट दर्ज न होने पर उन्होंने शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। इसके बाद बुधवार को प्रेमनगर पुलिस ने रुचि, रमेश और बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।