कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बन्धु समिति की बैठक में मौजुद डीएम, एसएसपी और सिडीओं । संवाद
बरेली। कलक्ट्रेट स्थित सभागार में सोमवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि शासन ने बरेली को 4500 करोड़ पूंजी निवेश का लक्ष्य दिया है। अब तक 297 उद्यमियों की ओर से 4000 करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें पर्यटन, फूड प्रोसेसिंग, बायोफ्यूल, डेयरी, टेक्सटाइल्स, सर्विसेज और एमएसएमई सेक्टर से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।
डीएम ने 18 जनवरी को होने वाले जिलास्तरीय इन्वेस्टर्स समिट से पहले निवेशकों की समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। यूपीसीडा और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को विशेष रूप से चेताया कि निवेशकों के काम लटकने नहीं चाहिए। उन्होंने इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, लघु उद्योग भारती, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से निवेश की पहल का स्वागत किया। बैंकों से निवेशकों और उद्यमियों के सहयोग का आह्वान किया।
सीडीओ जग प्रवेश ने नए निवेशकों को सरकार की सेक्टर आधारित नीतियों की जानकारी दी। संयुक्त आयुक्त उद्योग ऋषि रंजन गोयल ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल की तरह निवेशकों का ट्रैक रिकॉर्ड रखने और एमओयू हस्ताक्षर किए जाने के लिए सारथी पोर्टल विकसित किया गया है। नए निवेशक इस पर इंटेंट फाइल कर दें।