बरेली। गोकशी रोकने में नाकाम रहने पर भोजीपुरा इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार समेत चार पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। एक साथ 20 गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
सात सितंबर को भोजीपुरा के गांव सैदपुर चुन्नीलाल में सहारा कंपनी की लगभग दो सौ बीघा जमीन पर 20 गोवंशीय पशुओं के ये अवशेष मिले थे। पता चलने पर योगी सेना गोरक्षा प्रकोष्ठ के सचिव हिमांशु पटेल पदाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने ही पुलिस को खबर दी थी। इसके बाद इज्जतनगर और भोजीपुरा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों थानों की पुलिस पांच घंटों तक सीमा विवाद में उलझ रही थी। भोजीपुरा पुलिस घटनास्थल इज्जतनगर का क्षेत्र बताती रही थी। विवाद बढ़ने के बाद मामला अफसरों तक पहुंच गया था। इसके बाद भोजीपुरा थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज हो सकी थी। एक तो गोकशी पाए जाने पर और ऊपर से मामला टालने की कोशिश को एसएसपी ने गंभीर माना। उन्होंने जांच कराने के बाद भोजीपुरा के इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार, दरोगा अहमद अली, सिपाही राजेश कुमार यादव और रजत मलिक को शनिवार रात निलंबित कर दिया।