बहेड़ी (बरेली)। थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय पिस्टल तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच पिस्टल समेत कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों में बहेड़ी के नदीम उर्फ टार्जन समेत उत्तराखंड व कासगंज के तस्कर शामिल हैं। हल्द्वानी जेल में मुलाकात के बाद गिरोह तैयार किया गया था। जिन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर ने सूचना दी कि शेखुपुर का नदीम उर्फ टार्जन अपने गिरोह के सरगना के साथ बहेड़ी में पांच पिस्टलों की सप्लाई देने उत्तराखंड से लिंक मार्ग के जरिये आ रहा है। इंस्पेक्टर प्रवीण सोलंकी ने टीम के साथ हरसूनगला पुलिया पर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। इनकी तलाशी में पैंट की गुप्त जेबों से चार पिस्टल 32 बोर, एक पिस्टल 9 एमएम, 6 मैग्जीन, 11 कारतूस व तीन मोबाइल बरामद किए गए।
गिरोह के सरगना कासगंज के पटियाली के गांव बरईपुरा निवासी सुरजीत सिंह, गांव अंजनिया थाना पुलभट्टा जिला रुद्रपुर के हरवीर सिंह, रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी निवासी सुखपाल सिंह, और बहेड़ी के शेखूपुरा निवासी नदीम उर्फ टार्जन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पता चला कि उत्तराखंड के लिंक मार्ग से टार्जन इन्हें मिला था। ये सब टार्जन के घर ही पिस्टल, मैग्जीन पहुंचाने जा रहे थे। टार्जन इनकी सप्लाई बहेड़ी में कुछ दिन बाद कर देता। चारों आरोपियों को थाने लाकर रिकाॅर्ड खंगाला गया तो सुरजीत सिंह पर इससे पहले पुलभट्टा थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा मिला। नदीम उर्फ टार्जन पर नवाबगंज में दो, इज्जतनगर में एक व बहेड़ी में दो मुकदमे दर्ज मिले। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर इन्हें जेल भेज दिया।
पकड़े गए तस्करों से पूछताछ कर उनके धंधे में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी ली गई है। ग्राहकों के बारे में भी पूछताछ की है, पुलिस आगे भी ऐसी कार्रवाई करेगी। - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी