भोजीपुरा। लापरवाही से ट्रक लेकर जा रहे चालक ने बिजली के चार पोल तोड़ दिए। मामले में अवर अभियंता धौराटांडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा धौराटांडा में मुड़िया हाफिज रोड पर रविवार की शाम एक ट्रक चालक राइस मिल पर ट्रक लेकर जा रहा था। तभी ट्रक की चपेट में आकर पीसीसी के चार पोल टूट गए। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गनीमत यह रही कि उस समय बिजली नहीं थी अन्यथा कोई हादसा हो सकता था। सूचना पर धौराटांडा विद्युत उपकेंद्र से अवर अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। बिजली विभाग की टीम ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। ट्रक चालक क्षतिपूर्ति को तैयार नहीं हुआ।
अवर अभियंता शमशुल इस्लाम ने बताया कि पोल टूटने से पांच राइस मिल और करीब 400 मकानों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जेई ने बताया कि 400 मकानों की आपूर्ति शुरू करा दी गई है। टाउन में स्थित राइस मिलों की लाइट भी शीघ्र हो शुरू करा दी जाएगी। संवाद