फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बाढ़ में ठिठकी एंबुलेंस... चारपाई पर मरीज; शाही में छात्र की डूबकर मौत, भमोरा में किशोर बहा

Fri, 12 Jul 2024 01:35 PM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में बाढ़ के बीच प्रशासन और व्यवस्था की पोल चारपाई पर लेटे मरीज ने खोल दी। रास्ते में पानी भरा होने की वजह से एंबुलेंस उसे बीच रास्ते में ही उतार कर चली गई। 
विज्ञापन
चारपाई पर मरीज को लेकर जाते परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र में तबाही मचा रही बाढ़ ने अब शहर का रुख कर लिया। बृहस्पतिवार को किला नदी उफान पर रही। इससे नजदीक के छावनी मोहल्ले में पानी भरा गया। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हुई। कुछ घरों में पानी भरने से लोगों ने छतों पर या रिश्तेदारों के यहां शरण ली। 

विज्ञापन


नवाबगंज क्षेत्र में बाढ़ के बीच प्रशासन और व्यवस्था की पोल चारपाई पर लेटे मरीज ने खोल दी। रास्ते में पानी भरा होने की वजह से एंबुलेंस उसे बीच रास्ते में ही उतार कर चली गई। वहां से परिजन उसे चारपाई पर लादकर पानी के बीच दो किलोमीटर रास्ता तय किया। उन्हें कोई मदद मुहैया नहीं  कराई गई। 

देवहा नदी का पानी गांवों में भरा 
भदपुरा ब्लॉक का जरपा मोहनपुर गांव देवहा नदी के तट पर बसा है। इस नदी ने क्षेत्र में कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। गांव के ब्रजेश काम के दौरान आंध्र प्रदेश में खौलते केमिकल की चपेट में आकर झुलस गए थे। परिजनों ने उन्हें वहां से लाकर भोजीपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
विज्ञापन


Bareilly: जुलूस में ड्यूटी करती महिला सिपाही से छेड़खानी, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, तीन फरार

बृहस्पतिवार को उनकी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। परिजन उन्हें निजी एंबुलेंस से गांव ले आए। रास्ते पर पानी भरा होने की वजह से चालक ने नकटी नरायनपुर गांव के पास ही उन्हें छोड़ दिया। 

परिजनों ने बाढ़ चौकी से संपर्क किया, पर वहां से उन्हें कोई मदद नहीं मिली। थक हारकर परिजनों ने मरीज को चारपाई पर लिटाकर दो किलोमीटर का सफर तय किया। अब परिजन इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने की तैयारी में हैं। 

 

शाही में छात्र की मौत
शाही थाना क्षेत्र के गांव बीथम नौगमा निवासी सत्यवीर (12) की नाले में डूबकर मौत हो गई। वह चौथी कक्षा का छात्र था। अलीगंज में तटबंध की मरम्मत के दौरान दो लोग गहरे पानी में फंस गए। नाव के जरिये उनको बचाया गया। भुता क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में गो आश्रय स्थल में पानी भरने से अफरातफरी मच गई। वहां से 40 पशुओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। 

बाढ़ प्रभावित इलाकों में गठित कीं समितियां
एसडीएम सदर ने रामगंगा तटवर्ती इलाकों के गांवों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक सभागार में आपातकालीन बैठक कर ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सचिव आदि सदस्यों की बाढ़ समितियां गठित की और उन्हें निगरानी के निर्देश दिए है। 

उफान पर बह रही रामगंगा नदी - फोटो : अमर उजाला
एसडीएम सदर गोविंद मौर्य ने बृहस्पतिवार को ब्लॉक क्यारा के गांव खुजराई, सुदनपुर, मझरा गुजरयाई और गोकुलपुर स्थित रामगंगा बाढ़ तटबंध का निरीक्षण किया। तटबंध में बाढ़ का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने से वहां पर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। साथ ही आस-पास के चार गांवों के किसानों की हजारों बीघा फसल भी बर्बाद हो गई है। बाढ़ खंड विभाग ने बृहस्पतिवार को रामगंगा में एक लाख 18 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी देते हुए अलर्ट जारी किया है। 

ब्लॉक क्यारा के जूनियर हाईस्कूल बाकरगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल स्कूल चौबारी, साधन सहकारी समिति, सीएचसी क्यारा, प्राथमिक विद्यालय सुदनपुर समेत पांच बाढ़ नियंत्रण केंद्र बनाए गए। 

एसडीएम सदर गोविंद मौर्य ने बताया कि गांवों का निरीक्षण कर किसानों की बर्बाद हुए फसलों का सर्वे किया गया है। पांच बाढ़ नियंत्रण केंद्र बनाए गए है। गांवों में प्रधान की अध्यक्षता में बाढ़ नियंत्रण समितियां बनाई गई है। उन्हें निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

रेलवे पुल से अरिल नदी में लगाई छलांग, किशोर बहा
भमोरा इलाके में हमउम्र रिश्तेदारों के साथ बृहस्पतिवार शाम अरिल नदी पर बने रेलवे पुल से छलांग लगाने वाला किशोर गहरे पानी में बह गया। रात में गोताखोर निराश हो गए, सुबह फिर उसकी तलाश की जाएगी।  

गांव खुली ताहरपुर निवासी रमेश चंद्र मौर्य का एक माह पहले ऑपरेशन हुआ था। उनका बेटा अमित खेती में हाथ बंटाने के लिए बहेड़ी के गांव जोखनपुर से अपने भांजे शिवा (15) को बुला लाया था। बृहस्पतिवार को रमेश के भाई राममूर्ति के बेटे योगेश की बरात जा रही थी। इसमें शिवा के हमउम्र रिश्तेदार किशोर गांव आए थे। 

शाम चार बजे शिवा शौच की बात कहकर चार रिश्तेदार किशोरों के साथ एक किमी दूर अरिल नदी रेलवे पुल पर पहुंचा। वहां से उसने नहाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। शिवा गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर लड़के दौड़कर गांव आए। 

ग्रामीणों ने दो घंटे तलाश की पर सफलता नहीं मिली। पुलिस के साथ तहसीलदार आंवला आशीष कुमार ने गोताखोरों को बुलाया। रात 11 बजे तक उसकी तलाश की गई। तहसीलदार ने बताया कि शुक्रवार सुबह गोताखोरों की टीम दोबारा तलाश करेगी। कुछ लोगों के साथ बारात को रवाना किया गया, शादी के घर में मातम छा गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें