बरेली। 15वें वित्त आयोग से मिले 22 करोड़ रुपयों से नगर निगम क्षेत्र में 200 नए विकास कार्य कराए जाएंगे। इनके टेंडर हो चुके हैं। फर्मों को जिम्मेदारी दी जा चुकी है। वहीं, नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में अधूरे विकास कार्यों का मुद्दा उठा था। अब पहले अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए बजट दिया जाएगा। उसके बाद ही नए काम होंगे।
इस फरमान से जाटवपुरा, मॉडल टाउन, बड़ी बिहार, शांति विहार, ब्रह्मपुरा, हजियापुर, संजयनगर, हरूनगला, मढ़ीनाथ, आईवीआरआई, मथुरापुर, रहपुरा चौधरी, रामपुर बाग, जौहरपुर, बेनीपुर चौधरी, सहसवानी टोला, गांधीपुरम, भूड़, कुंवरपुर, सुरेश शर्मा नगर, आवास विकास और सीबीगंज के विधौलिया में अधूरे कामों को गति मिलेगी। महापौर उमेश गौतम ने बताया कि विकास कार्यों में रुकावट नहीं आएगी। अधूरे कामों को पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही नए टेंडरों के काम भी शुरू कराए जाएंगे।
कल खुलेंगे स्मार्ट सिटी के टेंडर
स्मार्ट सिटी की प्रमुख परियोजनाओं के टेंडर सोमवार को खोले जाएंगे। जंक्शन के पास बनाए गए कॉम्प्लेक्स, अर्बन हाट, डीडीपुरम स्थित फूड कोर्ट, अय्यूब खां चौराहे पर स्थित स्काई वॉक, संजय कम्युनिटी हाॅल के पास तालाब, कुतुबखाना स्थित मल्टीलेवल पार्किंग, गांधी उद्यान स्थित भूल भूलैया और म्यूजिकल फाउंटेन के टेंडर खोले जाएंगे। स्मार्ट सिटी की सीईओ निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि अनुभवी और योग्य ठेकेदारों को स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी।
-
एक सप्ताह में शुरू नहीं हुए काम तो धरना देंगे सपा पार्षद
फोटो
बरेली। रुके हुए निर्माण कार्य एक सप्ताह में शुरू न होने पर सपा पार्षदों ने धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह में काम शुरू कराने की मांग की है। शनिवार को सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना के नेतृत्व में पार्षद पार्टी कार्यालय से नगर निगम पहुंचे। उन्होंने कहा कि डेढ़ वर्ष बाद भी कई वार्डाें में अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुए हैं। जनता पार्षदों से सवाल कर रही है। स्वीकृत काम भी शुरू नहीं हुए है। 93 रिटेंडर भी लंबित हैं। इसकी जिम्मेदारी अभियंताओं की है। अन्य पार्षदों ने भी सवाल उठाए। इस मौके पर पार्षद अब्दुल कय्यूम मुन्ना, आरिफ कुरैशी, शमीम अहमद, अलीम सुल्तानी, मो. नासिर, मो. शाकिर, गुलबशर, उमान खान, सनी मिर्जा आदि मौजूद रहे। संवाद