बहेड़ी। जांगनडांडी निवासी महेश पाल से पहले एक व्यक्ति ने जमीन का बैनामा कराने के नाम पर पांच लाख रुपये उधार लिए। इसके बाद भतीजे की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख और हड़प लिए। नौकरी न लगने पर जब पीड़ित ने रुपये मांगे तो आरोपी पिता-पुत्र ने अभद्रता की। एसएसपी के आदेश पर बांसबोझ निवासी नत्थू लाल शर्मा और उसके बेटे वीरेंद्र कुमार शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों से उसकी जान-पहचान है। दोनों का घर आना-जाना है। महादेवपुर में प्लॉट खरीदने की बात कहकर नत्थू लाल ने उससे पांच लाख रुपये उधार लिए थे। ऋण स्वीकृत होने पर आरोपी ने रुपये लौटाने की बात कही। काफी समय बाद जब उसने रुपये नहीं दिए तो उन्होंने तकादा किया। इसके बाद आरोपी ने भतीजे की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
बड़े राजनेताओं और अधिकारियों से अपने संबंधों का हवाला दिया। उसकी बातों में आकर उन्होंने तीन लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने फोन स्विच ऑफ कर लिया। जब वह घर गया तो आरोपी झगड़ने पर उतारू हो गए। अभद्रता करते हुए घर से भगा दिया। जातिसूचक शब्द कहते हुए अपमानित किया। थाना पुलिस ने शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित एसएसपी के पास पहुंचा।