बुधवार दोपहर गांव आरिफपुर भक्ता नगला के महीपाल यादव (50) बेटे जयप्रकाश (15), रिश्ते के भतीजे सतेंद्र (22) और हरिओम (24) के साथ खेत पर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर खाद लगाने गए थे। पुलिस के मुताबिक वहां दूसरे पक्ष के अमर सिंह का भाई रेशमपाल (30) अपने खेत में फसल की सिंचाई कर रहा था। इस दौरान रेशमपाल ने अपने खेत से ट्रैक्टर ट्रॉली निकालने का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
इसके बाद महीपाल पक्ष के लोगों ने रेशमपाल को घेर लिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसे बचाने आए छोटे भाई राधेश्याम को भी गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना पर रेशमपाल का भाई अमर सिंह तमाम लोगों के साथ असलहे लेकर मौके पर पहुंच गया और उसने महीपाल पक्ष पर फायरिंग कर दी। इसमें महीपाल के बेटे जयप्रकाश और भतीजे सतेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महीपाल और हरिओम छर्रे लगने से घायल हो गए। अमर सिंह को भी चोटें आईं हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां से हरिओम को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी देहात अजय प्रताप सिंह, सीओ चंद्रपाल सिंह और कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। शाम को डीएम मनोज कुमार, एडीजी प्रेमचंद्र मीणा और आईजी डॉ. राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे।
दोनों पक्षों में चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। बुधवार दोपहर दोनों ही पक्ष अपने खेत पर थे। तभी उनके बीच विवाद हुआ और एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। इसमें चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। - डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी