बरेली। मॉडल टाउन के हरि मंदिर में शस्त्र पूजन के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद शहर के कई प्रमुख व्यापारी पुलिस कार्रवाई की जद में आ गए हैं। हालांकि थाना बारादरी में फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है लेकिन इस बीच वायरल हुए एक वीडियो में फायरिंग करते लोगों के चेहरे साफ होने के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही एफआईआर में नामों का खुलासा कर दिया जाएगा।
मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज विनय कुमार की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि मॉडल टाउन पुलिस चौकी के पीछे हरि मंदिर में कुछ लोगों ने मंगलवार को दशहरा पर शस्त्र पूजन किया था। शस्त्र पूजन करने के बाद इसमें शामिल लोगों ने मंदिर परिसर में ही जमकर फायरिंग की। कुछ लोगों ने पुलिस चौकी पर इसकी जानकारी दी तो वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक फायरिंग करने वाले लोग वहां से जा चुके थे।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि कुछ लोगों ने शस्त्र पूजन के बाद मंदिर परिसर में ही खड़े होकर फायरिंग की थी। थाना बारादरी में इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई लेकिन इसी दौरान एक वीडियो वायरल हो गया जिसमें मंदिर में फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान भी साफ हो गई।
वीडियो में कई प्रमुख व्यापारी मंदिर में फायरिंग करते दिख रहे हैं। इनमें विशाल मेहरोत्रा, मनोज अरोरा समेत कई बड़े व्यापारी शामिल हैं। एक भाजपा नेता भी वीडियो में दिख रहे हैं, हालांकि फायरिंग करने के बजाय वह मंदिर में एक तरफ खड़े दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच में टेस्टिंग के लिए एक-एक फायर करने की बात पता चली है। हालांकि वायरल वीडियो में पिस्टल, दोनाली बंदूक समेत कई असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग होती दिख रही है।
मेयर उमेश गौतम भी मौजूद थे शस्त्र पूजन के दौरान
हरि मंदिर में जिस शस्त्र पूजन कार्यक्रम के दौरान असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, उस कार्यक्रम में मेयर उमेश गौतम भी मौजूद थे। हालांकि मेयर का कहना था कि वह आयोजकों के बुलावे पर बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में गए जरूर थे लेकिन उनके सामने फायरिंग नहीं हुई। संभवत: उनके लौटने के बाद फायरिंग की गई होगी।
मैं कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुआ था और शस्त्र पूजन के बाद लौट आया था। जब तक मैं वहां मौजूद था, मेेरे सामने किसी ने फायरिंग नहीं की थी। - डॉ. उमेश गौतम, मेयर
मंदिर परिसर पूजन के लिए होता है और पूजन की ही अनुमति दी गई थी। कुछ लोगों ने शस्त्र पूजा के बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जब तक उन्हें रोका गया तब तक कई राउंड फायरिंग हो चुकी थी। जो हुआ वह बेहद गलत हुआ है। भविष्य में ऐसा न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। - रवि छाबड़ा, सचिव श्री हरि मंदिर प्रबंध कमेटी
- मंदिर परिसर के बाहर खुले मैदान में फायरिंग की गई थी। अनावश्यक किसी ने भी फायरिंग नहीं की। वे लोग जिनके असलहे लंबे समय से चले नहीं थे, उन्होंने बतौर टेस्टिंग एक-एक शॉट चलाया था। मंदिर परिसर में सभ्रांत लोग मौजूद थे, कोई गलत छवि का व्यक्ति नहीं था। - अश्वनी ओबराय, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंजाबी संगठन उत्तर प्रदेश
बारादरी थाना क्षेत्र के एक मंदिर के परिसर में फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इसका संज्ञान लेकर बारादरी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वीडियो फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वालों की शिनाख्त कर आगे कार्रवाई की जाएगी। - राहुल भाटी, एसपी सिटी