पिता के दसवां संस्कार में शामिल होने गया था ड्राइवर, धुआं देख पड़ोसियों ने दी सूचना
बरेली। सुभाष नगर की बीडीए कॉलोनी निवासी एक ड्राइवर के बंद घर में चोरी कर आग लगा दी गई। ड्राइवर अपने पिता की मौत के बाद अपने पुश्तैनी घर में दसवां करने गया था। पड़ोसियों की सूचना पर वह पहुंचा तो पुलिस को बुलाकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बीडीए कॉलोनी निवासी रामकिशोर ऑटो ड्राइवर है। शुक्रवार को वह अपने पिता के दसवे में शामिल होने के लिए छोटे भाई सुशील के घर पाल कॉलोनी में गए थे और रात को वहीं रुक गए। बंद पड़े मकान में चोर मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने अलमारी मे रखे करीब एक लाख के जेवर समेत 50 हजार की नगदी समेटकर अन्य कीमती सामान में आग लगा दी। पड़ोसियों ने जब मकान से धुंआ उठता देखा तो रामकिशोर को कॉल कर मकान में आग लगने की जानकारी दी। मकान मालिक की सूचना पर करगैना चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह मौके पर पहुंच गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।