आला हजरत खानदान की बहू रहीं निदा खान की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने उनको गनर उपलब्ध करा दिया है। भाजपा के विधायकों ने प्रशासन से निदा को सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा था। अब भी अपने शौहर शीरान और उनके मुरीदों से जान का खतरा होने की बात पर कायम है। आला हजरत खानदान की बहू निदा खान का अपने शौहर से तलाक को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा है। ये मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। निदा ने शौहर शीरान रजा खां और उनके मुरीदों से जान का खतरा बताकर प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पार्टी के दो विधायक पप्पू भरतौल और केसर सिंह गंगवार निदा की सुरक्षा पर बात करने के लिए पिछले दिनों उसके घर गए थे। विधायकों ने निदा को प्रशासन से सुरक्षा दिलाने का भरोसा दिलाया था। बाद में दोनों विधायकों ने जिलाधिकारी डा. पिंकी जोवल को निदा को गनर उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा। दोनों विधायकों के अनुसार जिलाधिकारी ने मोबाइल से उनको निदा की सुरक्षा के लिए गनर देने की सूचना दी। निदा खान ने भी इस बात की पुष्टि की कि उनके पास सुरक्षा के लिए गनर दिए जाने का फोन आया है। हालांकि देर रात तक गनर निदा के घर नहीं पहुंचा था।