बरेली होते हुए अब तक 28 त्योहार विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी
बरेली। त्योहारी सीजन के मद्देनजर रेलवे ने सोमवार को बरेली होते हुए दो जोड़ी और विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। इन ट्रेनों को कटिहार-अमृतसर, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर के बीच चलाया लाएगा। अब तक 28 त्योहार विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की जा चुकी है। आनंद विहार-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन को बरेली में ठहराव नहीं दिया गया है।
05736 कटिहार-अमृतसर त्योहार विशेष ट्रेन 18 सितंबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को कटिहार से रात नौ बजे चलने के बाद पूर्णिया, दरभंगा, रक्सौल, कप्तानगंज, गोरखपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर होते हुए अगले दिन रात 11:06 बजे बरेली आएगी और यहां से चलने के बाद अगले दिन सुबह 9:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
वापसी में 05735 अमृतसर-कटिहार त्योहार विशेष ट्रेन 20 सितंबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को अमृतसर से दोपहर 1:25 बजे चलने के बाद रात 11:10 बजे बरेली आएगी और अगले दिन रात 11:45 बजे कटिहार पहुंचेगी।
इसके अलावा रेलवे ने 05283/05284 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार त्योहार विशेष ट्रेन की समय सारिणी जारी की है। इस ट्रेन का संचालन 15 फेरों के लिए किया जाएगा। इस ट्रेन को बरेली में ठहराव नहीं दिया गया है। संवाद