नवाबगंज। संपत्ति अपने नाम नहीं कराने पर दो बेटों पर अपने 60 वर्षीय पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता मुन्ना लाल ने बेटों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने दोनों पुत्रों सनिल और अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मुन्ना लाल का आरोप है कि सनिल और अनिल काफी समय से संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। दबाव में मुन्ना लाल ने अपना राइस मिल और 210 वर्ग गज का प्लॉट सनिल के नाम कर दिया था। पांच सितंबर को बेटों ने राइस मिल पर मुन्ना लाल पर हमला किया। शोर सुनकर लोगों ने उन्हें बचाया। मुन्ना लाल का आरोप है कि दोनों बेटे भविष्य में भी हत्या कराने की धमकी दे रहे हैं। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद