बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा की कटरी के तिहरे हत्याकांड में नामजद गजसिंहपुर गांव के पिता-पुत्र को खेत से आते वक्त गोली मार दी गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने गांव के ही सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी पक्ष की तलाश कर रही है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गजसिंहपुर गांव निवासी राहुल सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर गांव के नन्ने व रंजीत पुरानी रंजिश को लेकर अजय से गालीगलौज करने लगे। तब गांव के लोगों ने बीचबचाव कर दिया। उसके पिता सूरजपाल व भाई अजय धान की रखवाली करने खेत पर चले गए।
इन लोगों पर लगाया आरोप
आरोप है कि रविवार शाम खेत से लौटते वक्त गांव के बाग में छिपे गोविंदपुर निवासी अमरजीत, अजीत, रायपुर हंस गांव निवासी आर्येंद्र और उनके गांव के नन्हे, रंजीत व दो अज्ञात लोग राइफल व तमंचा लेकर सामने आ गए। नन्हे के कहने पर अमरजीत ने गोली चलाई जो उसके भाई अजय के पैर में लगी। दूसरी गोली आर्येंद्र ने चलाई जो पिता सूरजपाल के पैर में लगी तो वह भी गिर गए। ग्रामीण आ गए तो आरोपी धमकी देते भाग गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों सहित सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। घायल पिता-पुत्र कटरी में दो साल पहले हुए तिहरे हत्याकांड में आरोपी हैं। फरीदपुर कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
इस मामले में नामजद हैं पिता-पुत्र
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर करीब दो साल पहले गोलीबारी में तीन लोगों की हत्या हुई थी। तब रायपुर हंस गांव निवासी सुरेश पाल सिंह तोमर गुट के करीबी गजसिंहपुर गांव निवासी सूरजपाल सिंह व उसके बेटों को भी नामजद किया गया था। सूरजपाल सिंह व उसके बेटे जेल भी गए थे और बाद में जमानत पर छूटे थे।