आंवला। बृहस्पतिवार सुबह से शुरू हुई बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कस्बों और गांवों के मुख्य रास्तों के अलावा निचले इलाकों में पानी भर गया है। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
बारिश से आंवला के कई मोहल्लों व प्रमुख मार्गों पर दो से तीन फुट तक पानी बहने लगा। दोपहर तक कई जगह बाढ़ जैसे हालात हो गए। कई जगह बिजली के खंभे टूट गए और झुक गए। जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर भी पानी से घिर गए। इससे बिजली आपूर्ति पूरे दिन ठप रही। बारिश रुकने पर दोपहर बाद भूतेश्वरनाथ मंदिर रामनगर रोड पर जलभराव के चलते घंटों जाम लगा रहा। रामनगर रोड पर एक अभिभावक बच्चों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर स्कूल से आए।
मोहल्ला पुरैना ढाल, भुर्जीटोला, पक्का कटरा, सरकारी अस्पताल रोड, नाला पार, अवादानपुर, स्टेट बैंक रोड, पुलिस चैकी, रामनगर पुलिस चैकी आदि स्थानों पर बारिश का पानी घरों, दुकानों व गोदामों में भी घुस गया। इस बारिश ने नगर पालिका के दावों की पूरी पोल खोल दी है। अबादानपुर श्मशान भूमि पर घंटों पानी चलता रहा व दीवार तोड़कर खेतों में घुस गया। मंडी समिति भी जलमग्न हो गई।
बारिश से खिले किसानों के चेहरे
बिशारतगंज। बारिश के चलते कस्बा सहित क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। हालांकि राहों में पानी भरने से आवागमन में दिक्कत हुई। बारिश के बाद धान की रोपाई की तैयारी में लगे किसानों इस बारिश को लाभदायक बता रहे हैं। संवाद
अलीगंज में तेज हुई धान की रोपाई
अलीगंज। दिनभर रुक-रुक हुई बारिश और तेज हवा चलने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई गांवों के लोग बिजली न आने के कारण परेशान रहे। हालांकि, किसान धान की रोपाई करने में जुटे हुए हैं। पूरे दिन बारिश होने से अलीगंज थाना परिसर में जलभराव की स्थिति बनी रही। गैनी-धनेती धनेती खरगपुर मार्ग पर जलभराव हो गया। संवाद
आंवला। अबादानपुर में शमशान भूमि वाली सडक पर भरा बरसात का पानी रोड बनी तालाब
आंवला। अबादानपुर में शमशान भूमि वाली सडक पर भरा बरसात का पानी रोड बनी तालाब