फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: केसर चीनी मिल में किसानों ने बंद कराई तौल

Sat, 28 Oct 2023 01:48 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बहेड़ी। पिछले सत्र का बकाया न मिलने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को केसर चीनी मिल में तौल बंद करा दी। चीनी मिल प्रशासन की बुद्धि-शुद्धि के लिए गेट पर ही हवन किया गया। एसडीएम की मध्यस्थता के बाद हुई बैठक में तय हुआ कि 22 दिसंबर तक पिछला भुगतान किया जाएगा। इस सत्र का भुगतान भी समय से होगा। इसके बाद आक्रोशित किसान शांत हुए। हंगामे के चलते करीब पांच घंटे तक तौल बंद रही।
विज्ञापन

चीनी मिल ने पिछले सत्र का करीब 135 करोड़ रुपया अब तक किसानों को नहीं दिया है। शुक्रवार से चीनी मिल में पेराई शुरू होनी थी। पिछला भुगतान न मिलने को लेकर किसानों ने पेराई सत्र शुरू होने पर चीनी मिल पर तालाबंदी का एलान किया था। शुक्रवार को सुबह ही आसपास के कई गांवों के सैकड़ों किसान चीनी मिल के बाहर जमा हो गए।
नारेबाजी करते हुए उन्होंने तौल बंद करा दी। चीनी मिल के सभी गेट के बाहर किसान धरने पर बैठ गए। पिछला भुगतान मिलने से पहले उन्होंने एक भी ट्रॉली तुलने से इन्कार कर दिया। हंगामे की सूचना पर एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय और सीओ डॉ. तेजवीर सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों को समझाने की कोशिश की मगर वह अपनी मांग पर अड़े रहे। किसानों ने गन्ना समिति के सचिव राजीव सेठ को भी मिल कैंपस के बाहर बुला लिया। बहस के दौरान उनसे धक्का-मुक्की भी हुई।
विज्ञापन

एसडीएम की मध्यस्थता के बाद दोपहर करीब एक बजे चीनी मिल के सीईओ शरत मिश्रा के साथ किसानों की बातचीत शुरू हुई। सीईओ ने बताया कि मुड़िया फार्म की जमीन बेचने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीएम इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। 30 दिसंबर तक पिछले सत्र का पूरा बकाया किसानों के खाते में भेज दिया जाएगा। किसानों के विरोध के बाद 22 दिसंबर तक भुगतान की सहमति बनी। इस सत्र का भुगतान भी समय पर करने का वादा किया। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह, इकबाल सिंह, केंद्रपाल सिंह, राकेश गंगवार, शोएब मलिक, सरदार तरसेन सिंह के साथ सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
-
कई बार हुई झड़प
प्रदर्शन के दौरान कई बार किसानों की चीनी मिल कर्मचारियों से झड़प हुई। कर्मचारियों ने जब तौल कांटे चालू कराने की कोशिश की तो किसानों ने उन्हें खदेड़ दिया। पुलिस ने कर्मचारियों को वहां से हटा दिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पातीराम के नेतृत्व में वकीलो का एक प्रतिनिधिमंडल भी किसानों को समर्थन देने धरना स्थल पहुंचा।

चीनी मिल प्रशासन और किसानों के बीच बातचीत कराई गई। 22 सितंबर तक भुगतान का वायदा चीनी मिल प्रशासन ने किया है। - अजय कुमार उपाध्याय, एसडीएम बहेड़ी
-
चंद्रपुर चुपकिया में किया प्रदर्शन



देवरनियां। चंद्रपुर चुपकिया गांव में भी किसानों ने केसर चीनी मिल के क्रय केंद्र पर तौल बंद करा दी। किसानों ने पहले पिछले सत्र के बकाये का भुगतान करने उसके बाद पेराई के लिए गन्ना लेने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में चौधरी प्रेमवीर सिंह, किशन सिंह, भूपेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह आदि शामिल रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें