मीरगंज। दस दिनों से बैंकों के चक्कर काटने के बावजूद अधिकारियों के टालमटोल से किसानों के क्रेडिट कार्डाें के नवीनीकरण नहीं हो पा रहे हैं। इससे परेशान किसानों ने मामले में उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव बल्ली निवासी वीरेंद्र पाल ने बताया कि शीशगढ़ के बैंक ऑफ बड़ौदा में उनका किसान क्रेडिट कार्ड है। इसका नवीनीकरण कराने के लिए बैंक के अधिकारी उन्हें 10 दिन से बैंक के चक्कर कटवा रहे हैं, जबकि बैंक के नियम अनुसार यदि 12 महीने से पहले किसान अपना क्रेडिट कार्ड का खाता नवीनीकरण नहीं करता है तो उसे सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी छूट नहीं मिलती है। उन्होंने बताया कि उनका छूट मिलने का समय भी पूरा होने में लगभग एक दिन बाकी रह गया, यदि उनका खाता नवीनीकरण नहीं हुआ तो उन्हें छूट नहीं मिल पाएगी। उन्हें पेनाल्टी सहित काफी पैसा जमा करना पड़ेगा।
इस संबंध में बैंक मैनेजर से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। संवाद