नवाबगंज। अपने गांव लौट रहे एक ग्रामीण और उसके रिश्तेदारों को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी जिसमें ग्रामीण की मौत हो गई और उसके रिश्तेदार घायल हो गए। अज्ञात चालक के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है ।
जनपद पीलीभीत के थाना क्षेत्र जहानाबाद के अमखेड़ा गांव के ओमकार (36) खेती कर परिवार का पालन पोषण करते थे। 22 अप्रैल को वह रतना गांव से अपने गांव लौट रहे थे। वह जैसे ही बरौर और जाफरपुर गांव के पास पहुंचे, उसी बीच उनके साढ़ू वेदलाल, उनकी पत्नी रूपवती, पुत्री रुचि रास्ते में मिल गए। वह सब लोग सड़क के किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे सभी लोग गंभीर घायल हो गए। आनन फानन में घायलों को महानगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ओमकार की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई श्यामाचरन ने अज्ञात चालक के खिलाफ थाना नवाबगंज में दर्ज कराई है। संवाद