बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में फर्जी दरोगा ने महिला को फ्लैट में बंधक बनाकर जेवर व नकदी छीन ली। दुपट्टे से गला कसने की कोशिश की। महिला ने सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट कराई है।
सुभाषनगर क्षेत्र निवासी महिला के मुताबिक 28 अगस्त को उसकी मुलाकात बदायूं जिले के कुंवरगांव निवासी शेखर शर्मा उर्फ गोलू से हुई थी। शेखर ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। वह खुद को पुलिस में दरोगा बताता था। एक दिन शेखर नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसे पराग मिल्क फैक्टरी के पास एक फ्लैट में ले गया।
वहां बंधक बनाकर उससे सोने-चांदी के जेवर, 85 हजार रुपये की नकदी छीन ली। डेबिट कार्ड का पिन भी जबरन पूछ लिया। दुपट्टे से गला कसकर उसकी जान लेने की कोशिश की। बेहोश होने पर शेखर वहां से फरार हो गया। आरोप लगाया कि शेखर नकली दरोगा बनकर व्यापारियों से वसूली भी करता है। होश आने पर महिला अपनी मां के पास पहुंची। अमर उजाला ब्यूरो