बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अलग-अलग पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर व वार्षिक परीक्षाओं में नकल करते पकड़े गए 114 विद्यार्थियों की पूरी परीक्षा निरस्त कर दी गई है। इन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी। शुक्रवार को समिति ने इस निर्णय पर मुहर लगाई।
विवि की ओर से इस वर्ष कराई गईं विभिन्न परीक्षाओं में 243 परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े गए थे। महाविद्यालयों की ओर से सूचना मिलने पर कुलपति प्रो. केपी सिंह ने अनुचित साधन निस्तारण समिति गठित की थी। समिति में विषय विशेषज्ञों की ओर से अंतिम निर्णय लेते हुए 114 परीक्षार्थियों की संबंधित सेमेस्टर की संपूर्ण परीक्षा निरस्त कर दी गई है। वहीं, 129 परीक्षार्थियों को 1,000 रुपये अर्थदंड लगाकर दोषमुक्त किया गया है। संवाद