एलन क्लब सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान हुई घटना
बरेली। एलन क्लब सब्जी मंडी में खरीदारी करने गईं पूर्व सांसद दिवंगत राजवीर सिंह की पुत्रवधू बरेली कॉलेज की प्रोफेसर आशा सिंह का पर्स चोरों ने उड़ा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी चेक किए।
पूर्व सांसद का परिवार रामपुर गार्डन में संजय कम्युनिटी हॉल के पास बने आवास में रहता है। पूर्व सांसद के बेटे भाजपा नेता धीरेंद्र सिंह धीरू की पत्नी आशा सिंह बरेली कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के पद पर तैनात हैं। मंगलवार दोपहर धीरू व आशा नगर निगम की एलन क्लब मंडी से सब्जी खरीदने गए थे। मंडी में भीड़ के बीच एक उचक्के ने आशा सिंह के हाथ से पर्स उड़ा लिया। वह भीड़ में शामिल होकर फरार हो गया। आशा जब तक कुछ समझ पातीं, वह ओझल हो चुका था। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। अमर उजाला ब्यूरो