सेटेलाइट, पुराना बस अड्डा, जंक्शन मार्ग पर ऑटो, ई-रिक्शा का बेतरतीब संचालन
बरेली। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान उमड़ने वाली अभ्यर्थियों की भीड़ के बीच शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी किया गया, लेकिन पहले दिन यह काम नहीं आया। बेतरतीब ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन ने व्यवस्था को धड़ाम कर दिया। शहर के कई इलाकों को भीषण जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
बरेली कॉलेज में सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र था। यूनिवर्सिटी में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों ने जंक्शन, बरेली सिटी, सेटेलाइट और पुराना बस अड्डा आने के बाद परीक्षा केंद्रों का रुख किया। परीक्षा छूटने के बाद घर वापसी के लिए फिर से इन्हीं स्थानों पर पहुंचे। ऐसे में सेटेलाइट से श्यामगंज, बरेली कॉलेज, पुराना बस अड्डा, पीलीभीत बाईपास, नाॅवल्टी चौराहा आदि स्थानों पर भीषण जाम की स्थिति रही।
आम दिनों में ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा का संचालन शहर में अलग-अलग रूटों पर होता है, लेकिन शुक्रवार को परीक्षा के दौरान पूरे शहर के ज्यादातर ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा इन्हीं मार्गों पर दौड़े। इससे शाम पांच बजे परीक्षा छूटने के बाद हालात ज्यादा खराब हो गए। संवाद