ईएसआईसी में इलाज मिलना मुश्किल
उद्यमी विमल रेवाड़ी ने यूपीसीडा के लीज प्रीमियम को समाप्त करने, नई औद्योगिक नीति में वेयर हाउसिंग को उद्योग का दर्जा देने, वर्कशॉप को जोड़ने का समर्थन किया। औद्योगिक आस्थान में टेलीकॉम टावर की व्यवस्था का सुझाव दिया। ईएसआईसी अस्पताल की रेफरल क्लीनिक में फैक्टरी श्रमिकों को उचित इलाज का अभाव बताया।
कागजों पर है ईज ऑफ डूइंग बिजनेस
उद्यमी राजेश गुप्ता ने कहा कि नए आदेश में नियम है कि पर्यटन विभाग में अलग से पंजीकरण होने पर सुविधाएं मिलेंगी। नए मानकों में एनओसी मिलना मुश्किल है। पूर्व में बने 95 होटल आबादी में आ गए हैं। कहा कि ईज ऑफ डूइंग कागजों में है। धरातल पर सुविधाएं नहीं मिल रहीं।
कुटीर, क्रेशर उद्योग की उठाईं समस्याएं
मुरादाबाद के उद्यमी अंशुल अग्रवाल ने बंद पड़ी नगीना कताई मिल को यूपीसीडा को देने का समर्थन किया। मुरादाबाद के कुटीर उद्योग, क्रेशर उद्योग से जुड़ीं समस्याएं साझा कीं।
दो साल बाद पंजीकरण से इन्कार मुख्य सचिव ने मांगे दस्तावेज
युवा उद्यमी श्रेयस ग्रोवर ने मुख्य सचिव से समस्या साझा करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2012 में प्रॉफिट एंड लॉस से जुड़ा एक कारोबार शुरू करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग में आवेदन किया। बिजनेस जब पटरी पर आया तो वे पंजीकरण के लिए पहुंचे, पता चला कि अब सब्सिडी नहीं मिलेगी। इस पर मुख्य सचिव ने उनसे उनके सभी दस्तावेज मांगे।
गन्ने की खेती से लागत निकालना मुश्किल, भुगतान में भी लेटलतीफी
प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा का कहना था कि गन्ने की खेती में अब किसान को कोई फायदा नहीं। समर्थन मूल्य 45 सौ रुपये की मांग की। बताया कि धान, मक्का, बाजरा का मूल्य बढ़ा पर गन्ने का नहीं बढ़ा। इस पर विचार करने का सुझाव दिया। पीलीभीत के उद्यमी अशोक अग्रवाल ने ललौरी खेड़ा में औद्योगिक क्षेत्र की भूमि पर एसएसबी का डेरा हटाने की बात कही। ताकि उद्योग स्थापित हो सके।
जो पेड़ लगाएं उसे काटने के लिए अनुमति की न हो जरूरत
प्लाईवुड कारोबारियों का कहना था कि विरासत में जो पेड़ लगाए गए हैं, उन्हें काटने का अधिकार न होने से भूमि बेकार पड़ी है। मांग थी कि निजी जमीन पर जो पेड़ लगे उसे काटने की अनुमति न लेनी पड़े, ऐसा नियम बने। टिंबर उत्पाद पर पांच फीसदी जीएसटी करने, गोल लकड़ी को प्रदेश से बाहर भेजने पर अंकुश लगाने, कार्बन क्रेडिट स्कीम को धरातल पर लागू करने समेत अन्य मांग की।
कम किराए पर न ली जाए जीएसटी
बरेली होटल वेलफेयर एसोसिएशन प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना के मुताबिक होटल को उद्योग का दर्जा दिलाने, 1,000 रुपये से कम किराया लेने वाले होटल से जीएसटी न लेने, निगम द्वारा कर वसूली में मनमानी बंद कराने, पूर्व में निर्मित होटलों की इमारतों को वैध करने, भू-उपयोग बदलने, नक्शे पास कराने की मांग की। यहां सतीश अग्रवाल, सतवंत सिंह मौजूद रहे।