बरेली। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर कई बार सड़कों को कब्जामुक्त कराया गया है। इसके बाद भी वहां दोबारा कब्जे हो जाते हैं। हाल यह है कि नगर निगम की टीम को फोर्स भी मुहैया नहीं कराया जाता और थानों-चौकियों के सामने ही दोबारा अतिक्रमण का बाजार सज जाता है। अब इस ट्रेंड को खत्म करने के प्रयास हो रहे हैं।
हाल में ही कार्यकारिणी की बैठक में महापौर ने नगर आयुक्त से साफ कहा था कि नगर निगम की टीम कब तक एक ही जगह से बार-बार अतिक्रमण हटवाती रहेगी? इसलिए पुलिस की जिम्मेदारी तय की जाए। तय हुआ था कि अतिक्रमण हटवाने के बाद अब थानाध्यक्षों को नहीं, एसएसपी को पत्र भेजा जाएगा। नगर निगम की टीम फिलहाल आईजीआरएस और अन्य शिकायतों पर अभियान चला रही है। 15 अगस्त के बाद विस्तृत अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमण हटाने के बाद एसएसपी और थानाध्यक्षों को पत्र भेजा जा चुका है। शासनादेश के मुताबिक अब वहां अतिक्रमण न हो, इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
-
ये है शासनादेश
नगर निगम जिस शासनादेश की बात कर रहा है, उसमें साफ लिखा है कि नगर निकाय अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण से मुक्त कराएंगे। वहां दोबारा अतिक्रमण न हो, इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
चौकी चौराहा व जीआईसी के पास से हटवाया अतिक्रमण
कार्यकारिणी की बैठक के बाद चौकी चौराहा और जीआईसी के पास से अतिक्रमण हटवाया जा चुका है। इसको लेकर पत्र भी जारी हुए हैं। चौकी चौराहे के पास दोबारा चाट आदि के ठेले सज चुके हैं। हालांकि, जीआईसी के पास अभी स्थिति ठीक है।
-
अवैध कब्जे हटवाने के बाद दस्ता प्रभारी राजवीर की ओर से एसएसपी समेत थानाध्यक्षों को सूचना दी जा चुकी है। पत्र भी भेज दिया गया है। अब पुलिस की जिम्मेदारी है कि संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण न हो। - मयंक यादव, संयुक्त नगर आयुक्त
नगर निगम जब भी संयुक्त अभियान चलाता है तो पुलिस साथ रहती है। अगर किसी चुनिंदा स्थान पर अतिक्रमण की बात है तो नगर निगम इस बारे में लिखकर दे, पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी। - शिवराज, एसपी यातायात