बरेली। फेशियल अटेंडेंस का पंजीकरण न करने के सवाल पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के कर्मचारी से अभद्रता करने वाले बरेली के तकनीकी कर्मी को एमडी ने निलंबित करके गोंडा में संबद्ध किया है। दरअसल, निगम मुख्यालय के कार्मिक इकाई के कर्मचारी ने दो मई को अपराह्न करीब 3 बजे बरेली के विद्युत नगरीय वितरण खंड तीन में तैनात तकनीकी कर्मी मेराज अहमद से फेशियल अटेंडेंस का एप डाउनलोड करने और पंजीकरण की जानकारी मांगी। आरोप है कि इस पर तकनीकी कर्मी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए खरी खोटी सुनाई। इस अभद्रता के लिए एमडी रिया केजरीवाल ने दो मई को ही तकनीकी कर्मी को निलंबित करके बरेली से हटाकर मुख्य अभियंता देवीपाटन जोन के गोंडा मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। उधर, सूत्रों ने पता चला कि इस तकनीकी कर्मी के खिलाफ जांच भी शुरू होने जा रही है। संवाद