शाही। बृहस्पतिवार को पूरे दिन बिजली न आने से कस्बा की आधी आबादी गर्मी में परेशान रही। दरअसल, सुबह पांच बजे बाजार में लगा ट्रांसफार्मर लोड अधिक होने से फुंक गया। इस ट्रांसफार्मर से ठाकुरद्वारा, सुभाष नगर, नेहरू नगर, आजाद नगर, रजा नगर वार्ड में बिजली सप्लाई की जाती है। पूरे दिन बिजली ठप रहने से भीषण गर्मी में लोग उबलते रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोगियों के लिए हुई। सोशल मीडिया पर लोग पूरे दिन ट्रांसफार्मर लगने का आश्वासन देते हुए चैटिंग करते रहे, लेकिन देर शाम तक ट्रांसफार्मर का कहीं कोई अता-पता नहीं था। इस संबंध में एसडीओ नितिन जायसवाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर तैयार किया जा रहा है। बृहस्पतिवार शाम तक लगने की उम्मीद जताई। नगर पंचायत अध्यक्ष वीरपाल मौर्य व सभासद कृष्ण गोपाल शर्मा कई बार बिजली अधिकारियों से शीघ्र ट्रांसफार्मर लगाने के लिए कहते रहे, लेकिन जिम्मेदार आश्वासन की घुट्टी पिलाते रहे। संवाद