बरेली। हरुनगला सबस्टेशन के बाईपास फीडर की बिजली लाइन पर बारिश के दौरान पेड़ की डाल गिरने से ढाई घंटे तक आपूर्ति बाधित हुई। तुलसीनगर और सुरेश शर्मा नगर में मंगलवार को शाम 3:00 बजे से 5:30 बजे तक 2500 से अधिक घरों और प्रतिष्ठानों में आपूर्ति ठप रही। कर्मचारियों ने लाइन को ठीक किया तब आपूर्ति बहाल हुई। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि तार टूट कर गिर गया था। इसलिए आपूर्ति प्रभावित हुई लेकिन कर्मचारियों ने बारिश के दौरान ही लाइन को ठीक किया। सन राइज कॉलोनी में सोमवार को रात 9 से 11 बजे तक आपूर्ति प्रभावित रही। काॅलोनी के निवासी संजीव का कहना है कि एक महीने से हर रोज रात 8 से 12 बजे के बीच आपूर्ति प्रभावित रहती है। अभियंताओं को फोन करते हैं तो वे लोकल फाॅल्ट की बात कह कर टाल देते हैं।